पटना, 29 सितंबर। जद(यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री शीला मंडल तथा ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को मामलों के विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी तथा प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी मौजूद रहीं।
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मोतिहारी और गोपालगंज के डुमरिया घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के बाएं तट पर बेरिया और बगहा के पास दो तटबंध क्षतिग्रस्त हुए हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
चौधरी ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने अपराध के मुद्दे पर कहा कि एनडीए सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सही मतदाता का नाम छूटा है या किसी गलत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल है, तो विपक्ष को ऐसे मामलों की जानकारी देनी चाहिए थी।