मीडिया दर्शन/औरंगाबाद। बिहार के विश्व प्रसिद्ध सूर्यनगरी देव में शुक्रवार को चार दिवसीय कार्तिक छठ मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आयोजित मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने देव सूर्यकुंड परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए औरंगाबाद जिले के विकास के लिए इंडस्ट्रियल एरिया, मेडिकल कॉलेज और देव मेले को सैरात मुक्त करने की बात कही।
उद्घाटन से पहले मंत्री ने त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। 16 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कुटुंबा में 391 एकड़ जमीन पर बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया
मंत्री दिलीप जायसवाल ने घोषणा की कि औरंगाबाद जिले के कुटुंबा अंचल के निरंजनपुर सहित अन्य गांवों में कुल 391 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को विभागीय मंजूरी मिल चुकी है। यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। प्रस्ताव को अगली कैबिनेट बैठक में पारित कराने की प्रक्रिया की जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
देव मेला होगा सैरात मुक्त, वाहनों से नहीं लगेगा शुल्क
श्रद्धालुओं को राहत देते हुए मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर देव मेले को सैरात से मुक्त करने का निर्णय लिया गया है। अब मेले में आने वाले किसी भी वाहन से शुल्क नहीं लिया जाएगा। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए प्रशासन की ओर से टेंट सिटी भी बनाई गई है।
NH-19 से देव तक होगी रोशनी की व्यवस्था
मंत्री ने नेशनल हाईवे-19 से देव तक स्थायी लाइटिंग व्यवस्था कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सालभर चालू रहेगी, ताकि देव आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
जल्द तैयार होगा मेडिकल कॉलेज, 700 बच्चों को मिलेगी पॉकेट मनी
मंत्री ने बताया कि देव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है और इसका निर्माण जल्द पूरा कराने की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं, छठ मेले में सेवा देने वाले एनसीसी और स्काउट के 700 बच्चों को पिछले वर्ष की तरह इस बार भी एक-एक हजार रुपये पॉकेट मनी दी जाएगी।
उद्घाटन समारोह में औरंगाबाद की प्रभारी मंत्री रमा निषाद, सांसद अभय कुशवाहा, काराकाट सांसद राजाराम सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, डॉ. प्रकाश चंद्रा, प्रमोद सिंह, अमरेंद्र कुशवाहा, ललन राम, विधान पार्षद जीवन कुमार और दिलीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए छठी मैया और भगवान भास्कर से पूरे बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की।