मीडिया दर्शन/तिलौथू। गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर श्री कृष्ण चेतना परिषद, पतलुका के तत्वावधान में भव्य महिला एवं पुरुष पहलवानों का महादंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच, दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। महादंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। पूरा आयोजन स्थल दर्शकों की तालियों और पहलवानों के उत्साहवर्धन से गूंजता रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन डेहरी के पूर्व विधायक ई. सत्यनारायण सिंह, डेहरी की प्रख्यात चिकित्सक डॉ. नीलम, डॉ. अभिषेक, डॉ. एसपी सिंह, पूर्व मुखिया गोपाल सिंह, समाजसेवी योगेंद्र कुशवाहा, कुश्ती कोच अजय पहलवान, पूर्व मुखिया विनोद सिंह, टीम डेहरियंस के संस्थापक चंदन कुमार तथा कल्याण संघ के अध्यक्ष आरके. सिंह,डॉ बैजनाथ सिंह बटोही, कपिल कुशवाहा, ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। महादंगल में कैमूर के पहलवान शमशेर और बनारस के पहलवान दीपू के बीच हुआ मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देते हुए शानदार दांव-पेच आजमाए। काफी देर तक चले इस रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। वहीं, महिला वर्ग में पहलवान खुशबू ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन, फुर्ती और कुश्ती कौशल से खूब वाहवाही बटोरी। महिला पहलवानों के मुकाबलों को देखने के लिए भी दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहलवानों के दांव-पेच और जोरदार प्रदर्शन पर दर्शक लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन, शारीरिक मजबूती और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर इस तरह का आयोजन सामाजिक एकता, भाईचारे और पारंपरिक खेल संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करता है। आयोजकों ने कहा कि श्री कृष्ण चेतना परिषद का उद्देश्य क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों के अनुभवी पहलवानों के साथ मुकाबला करने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
महादंगल प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्य इंस्पेक्टर अनिल यादव, राकेश यादव, अशोक यादव, पत्रकार छोटन कुमार, सुनील यादव, बब्लू यादव एवं अमित यादव समेत श्री कृष्ण चेतना परिषद, पतलुका के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, पहलवानों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पतलुका सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्सव और खेल का उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।