सहरसा। कोसी क्षेत्र के किडनी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। श्री नारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट में बुधवार को 10 नई डायलिसिस मशीनों का संचालन शुरू किया गया। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने किया। इन मशीनों के शुरू होने के बाद संस्थान में डायलिसिस मशीनों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही डायलिसिस के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि सहरसा में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने डायलिसिस केंद्र में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में भी पांच डायलिसिस यूनिट स्थापित किए गए हैं।
श्री नारायण फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन एवं संस्थापक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कोसी क्षेत्र में किडनी से संबंधित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी समस्या को देखते हुए संस्थान में 10 नई डायलिसिस मशीनें शुरू की गई हैं। पहले यहां चार मशीनें कार्यरत थीं, जिन पर मरीजों का काफी दबाव रहता था। अब कुल 14 मशीनों के माध्यम से एक साथ 14 मरीजों का डायलिसिस किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इन मशीनों की स्थापना एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड के तहत एफएक्सबी इंडिया सुरक्षा के सहयोग से की गई है। एचडीएफसी बैंक और एफएक्सबी इंडिया की यह पहल देश के पांच स्थानों पर संचालित की जा रही है, जिसमें सहरसा स्थित श्री नारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट का शामिल होना पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
इस केंद्र में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी कामेश्वरी कुमारी, निदेशक रोहित राठौड़, एफएक्सबी इंडिया सुरक्षा के सीईओ सत्य प्रकाश, एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड मंजीत झा, सहरसा शाखा प्रबंधक आलोक कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।