सहरसा। पटना–पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सिक्स लेन सड़क परियोजना के एलाइमेंट में बदलाव और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर किसानों का विरोध तेज होने लगा है। रविवार को सौर बाजार प्रखंड की रामपुर पंचायत स्थित कबैला चक प्राथमिक विद्यालय परिसर में किसानों की बैठक आयोजित की गई। मुखिया जनार्दन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंदरवा, रौता, चिकनी, रहुआ, कबेला, रामपुर, भादा और बथनाहा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान शामिल हुए। बैठक में जन सुराज के नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए पूर्व निर्धारित एलाइमेंट के अनुसार ही सड़क निर्माण कराने की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए किशोर कुमार ने कहा कि सड़क परियोजना का मूल एलाइमेंट रौता और लगमा के बीच से निर्धारित था, लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर कबेला, चिकनी, इंदरवा और रौता के बीच से कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में एलाइमेंट बदला गया? उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। इसी से उनकी खेती, परिवार का भरण-पोषण और बच्चों का भविष्य जुड़ा हुआ है। निर्धारित मुआवजे की राशि इतनी कम है कि अधिग्रहित जमीन के बदले मिलने वाले पैसे से किसान अपनी कुल जमीन का 20 प्रतिशत हिस्सा भी दोबारा नहीं खरीद सकेंगे।
उन्होंने बताया कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल से जिलाधिकारी ने एनएचएआई से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में प्रशासन को 15 दिनों का समय दिया गया है। किशोर कुमार ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों की आजीविका और भविष्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण जरूरी है, लेकिन किसानों के हितों की अनदेखी कर विकास संभव नहीं है।
बैठक में किसानों ने सर्वसम्मति से किसान जमीन बचाओ संघर्ष समिति का गठन किया। इसमें पूर्व मुखिया प्रो. अमरेंद्र यादव को अध्यक्ष तथा संतोष कुमार सिंह समदर्शी को सचिव बनाया गया। वहीं लक्ष्मी यादव, महेंद्र हजारा, मनोज झा, बोआ झा, चंद्र किशोर शर्मा, मोहम्मद आबिद, मोहम्मद पुटून, गौरव ठाकुर, राजकिशोर यादव और उमेश यादव सहित कुल 31 लोगों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
समिति के अध्यक्ष अमरेंद्र यादव ने किसानों से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील करते हुए कहा कि जबरन जमीन अधिग्रहण का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का घेराव किया जाएगा। वहीं सचिव संतोष समदर्शी ने बताया कि संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए अगली बैठक माहकर पंचायत में आयोजित होगी। साथ ही गांव-गांव बैठक कर किसानों को संगठित किया जाएगा।
बैठक के दौरान किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए पूर्व निर्धारित एलाइमेंट के अनुसार ही सड़क निर्माण कराने की मांग की। इस दौरान किसानों ने 'जान देंगे, जमीन नहीं देंगे', 'किसान एकता जिंदाबाद' और 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे भी लगाए। मौके पर राजू रंजन सिंह, महेंद्र साह, वरुण यादव, अनवार आलम, मदन प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।