मीडिया दर्शन/त्रिवेणीगंज (हीरा सिंह)। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना महेशुआ पंचायत के रहठा वार्ड संख्या-5 की है। मृतका की पहचान भुवनेश्वर ठाकुर की पुत्री कंचन कुमारी (18) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंचन मंगलवार को दिनभर अपने माता-पिता के साथ खेत में काम करने गई थी। शाम को घर लौटने के बाद उसकी मां ने उसे खाना बनाने के लिए कहा। बताया जाता है कि कंचन खाना बनाने के लिए इच्छुक नहीं थी। इसी बात को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई। इसके बाद कंचन ने नाराजगी के बावजूद खाना बनाया और फिर घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद वह आत्महत्या की स्थिति में मिली।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।
इस संबंध में त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।