पटना, 22 नवंबर। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि श्वसन संबंधी बीमारियों से बचाव और बेहतर इलाज के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से ही इन बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सांस हमारे जीवन का आधार है, इसलिए फेफड़ों और सांस से जुड़ी बीमारियों को गंभीरता से लेना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत रविवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित ब्रीथकॉन-2026 के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फेफड़ा रोग विशेषज्ञों, वरिष्ठ चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अपने विचार साझा किए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज टीबी, अस्थमा, सीओपीडी, फेफड़ों का कैंसर और स्लीप एपनिया जैसी बीमारियां लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बन रही हैं। इन बीमारियों से बचाव और इलाज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बढ़ते वायु प्रदूषण, धूम्रपान, बदलती जीवनशैली और संक्रमण के कारण श्वसन रोगों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
स्वास्थ्य मंत्री ने ब्रीथकॉन-2026 जैसे कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच के माध्यम से डॉक्टरों को नई जानकारियां और इलाज के बेहतर तरीके सीखने तथा अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। इससे अस्पतालों को भी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। इस तरह के आयोजन से चिकित्सा व्यवस्था और मजबूत होती है और मरीजों को आधुनिक इलाज का लाभ मिलता है।
आगे उन्होंने कहा कि श्वसन संबंधी बीमारियों से बचने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच कराना और सही इलाज कराना जरूरी है। लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन लोगों की भागीदारी के बिना इस लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपील करते हुए कहा कि हम सभी को बिहार को स्वस्थ बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाएं और आम लोगों को श्वसन रोगों से बचाव के उपायों के बारे में बताएं, ताकि बिहार को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सके।