चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन पर झूठ एवं भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 2026 के चुनाव में एकजुट होकर चंडीगढ़ के विकास, भाजपा की विजय और सशक्त भारत के निर्माण के लिए जनसंपर्क करने का आह्वान किया।
नवीन ने कहा कि चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के इस स्वागत में ‘मिनी भारत’ की झलक देखने को मिली है। भारत के हर क्षेत्र, धर्म और संप्रदाय के लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में चंडीगढ़ के विकास में मिलकर योगदान दे रहे हैं। यही भारत की असली ताकत है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि चुनाव आने पर भाजपा कार्यकर्ता क्या करते हैं? मैं हमेशा कहता हूं कि भाजपा का कार्यकर्ता 24 घंटे और 365 दिन काम करता है। हमारे कार्यकर्ता और नेता पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन नहीं हैं, जो केवल चुनाव के समय नजर आते हैं। हमारे कार्यकर्ता हमेशा जनता और नेतृत्व के बीच सेतु बनकर समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हैं।
मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा का कोई दूसरा उदाहरण नहीं
नवीन ने कहा कि आज देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा नेतृत्व मिला है, जो 140 करोड़ देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर आगे बढ़ने की क्षमता रखता है। पिछले अक्टूबर में प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर 25 वर्ष की जनसेवा पूरी की है। विश्व में ऐसा कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता, जिसने बिना रुके और बिना थके इतने लंबे समय तक देश की सेवा की हो।
उन्होंने कहा कि एक समय भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रेजाइल फाइव’ यानी दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। विश्व बैंक, रशियन डेवलपमेंट बैंक और आईएमएफ जैसी संस्थाएं मानती हैं कि भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है और 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
कांग्रेस ने केवल एक परिवार की चिंता की
कांग्रेस पर हमला करते हुए नवीन ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश और गरीबों की चिंता करने के बजाय केवल एक परिवार के विकास को प्राथमिकता दी। उसने एक परिवार की खातिर स्वर्गीय नरसिम्हा राव और प्रणव मुखर्जी जैसे वरिष्ठ नेताओं का भी अपमान किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भारत की आर्थिक प्रगति और विकास के आंकड़े दिखाई नहीं देते। विदेश जाकर देश की अर्थव्यवस्था को बदनाम करना कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। राहुल गांधी के पिताजी कहते थे कि दिल्ली से एक रुपया चलता है, तो गरीब तक केवल 15 पैसे पहुंचते हैं। लेकिन मोदी ने तय किया कि अब पूरा एक रुपया गरीब के खाते में पहुंचेगा। डीबीटी के माध्यम से किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं का पैसा सीधे गरीबों के खातों में पहुंच रहा है।
2 लाख से अधिक स्टार्टअप, 4 करोड़ को पक्के मकान
नवीन ने कहा कि मोदी ने युवाओं की निराशा दूर की है। आज देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप स्थापित हुए हैं, जिससे युवा अब नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बन रहे हैं। मेक इन इंडिया के जरिए भारत मोबाइल और प्रौद्योगिकी विनिर्माण के क्षेत्र में बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
महिलाओं के स्वाभिमान, सुरक्षा और सम्मान के लिए 12 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। लखपति दीदी योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और नारी वंदन अधिनियम से महिला नेतृत्व को नई मजबूती मिलेगी। सीमावर्ती गांवों को अंतिम गांव नहीं, बल्कि देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है।
वोट चोरी का शोर, जमीन खिसकने वालों की हताशा
एसआईआर और मतदाता सूची पर नवीन ने कहा कि जिनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है, वे ‘वोट चोरी’ का शोर मचा रहे हैं। क्या लगभग 2.8 करोड़ मृत मतदाताओं, 6 करोड़ दोहरे नामों और 3 करोड़ घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटने चाहिए? विपक्ष इन्हीं फर्जी मतों के सहारे सरकार बनाने का सपना देखता था।
उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली से AAP को सत्ता से बाहर कर दिया है और अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब से भी उसका सफाया करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व विदेश जाकर भारत की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के खिलाफ बयान देता है।
अंत में उन्होंने कहा कि एक समय सीमा पर सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे और दिल्ली की सरकार मौन बैठी रहती थी, लेकिन आज नया भारत हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देता है। अगर कोई एक ईंट फेंकेगा, तो जवाब पत्थर से दिया जाएगा और अगर एक गोली चलेगी, तो तोप का गोला दागा जाएगा।