पटना: बिहार में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सारण क्रिकेट लीग (SCL) का आगाज खेल, उत्साह और रोमांच के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित चैरिटी क्रिकेट मैच में बिहार की खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने क्रिकेट के मैदान पर बल्लेबाजी कर सबका ध्यान आकर्षित किया। शूटिंग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकीं श्रेयसी सिंह ने क्रिकेट पिच पर भी शानदार शॉट लगाए, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित सारण क्रिकेट लीग का उद्घाटन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अभिनेता-गायक अरुण बख्शी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में खेल से जुड़े लोगों और स्थानीय दर्शकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
उद्घाटन समारोह के दौरान श्रेयसी सिंह ने क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए मैदान पर उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। उनके शानदार शॉट्स आयोजन का खास आकर्षण बने। उन्होंने कहा कि सारण क्रिकेट लीग जैसी प्रतियोगिताएं स्थानीय और उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। इस तरह के आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद जीएसटी अधिकारियों की टीम 'रेवेन्यू रेंजर्स' और मीडिया टीम के बीच चैरिटी क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया। इस रोमांचक मैच में रेवेन्यू रेंजर्स की टीम ने जीत हासिल की।
सारण क्रिकेट लीग में कुल 1.26 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। लीग का मुख्य उद्देश्य सारण और बिहार के ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर प्रदान करना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, धर्मेन्द्र साह और भाजपा नेता राकेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।