मीडिया दर्शन | वाल्मीकिनगर
वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। धोबहा और चमैनिया मोड़ के बीच जलेबिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के महुई गांव निवासी सत्यम द्विवेदी (26), पिता स्व. अमरनाथ द्विवेदी के रूप में हुई है। बताया गया कि सत्यम वाल्मीकिनगर घूमने आए थे और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 52 BV 0446) को जब्त कर थाना परिसर में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।