पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में पीएचडी कोर्सवर्क की नियमित कक्षाओं, योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समय पर परीक्षा परिणाम जारी होने को लेकर शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार जताया।
रिसर्च स्कॉलर शिवम कुमार पाराशर के नेतृत्व में शोधार्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबू वकर रिज़वी, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजीव रंजन, पीएचडी ओएसडी सह परीक्षा नियंत्रक प्रो. प्रणय गुप्ता तथा सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. कृष्ण भूषण पद्मदेव (मुकुल) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शोधार्थियों ने पदाधिकारियों को पौधा भेंट कर अभिनंदन किया।
शोधार्थियों ने कोर्सवर्क की नियमित पढ़ाई, पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया और एक सप्ताह के भीतर परिणाम जारी किए जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को धन्यवाद दिया। साथ ही परिणाम से जुड़ी कुछ समस्याओं की जानकारी भी पदाधिकारियों को दी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कुलपति के प्रयासों की भी सराहना
कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह बाहरी व्यस्तता के कारण प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उपस्थित नहीं थे। शोधार्थियों ने उनके प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि पीएचडी कोर्सवर्क के संचालन और परीक्षा परिणाम को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर की गई पहल से शोधार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिला है।
इस दौरान शोधार्थी अंकित भारद्वाज, नीरज झा, चंदन गुप्ता, आशीष कुमार, रौशन गुप्ता, विकास चंद्र सिंह सहित अन्य शोधार्थी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय पदाधिकारियों ने शोधार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल शोध भविष्य की शुभकामनाएं दीं।