मीडिया दर्शन/सहरसा: कोशी क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है। डीआईजी, कोशी क्षेत्र, सहरसा के अनुश्रवण में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में 3 से 9 अक्टूबर के बीच चलाए गए अभियान के दौरान 1275.555 लीटर अवैध शराब, 283.65 किलोग्राम गांजा और 187.66 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में शराब से जुड़े मामलों में 85 और सूखा नशा से संबंधित मामलों में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह सप्ताहभर में कुल 105 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कफ सिरप और नशीले इंजेक्शन भी बरामद
पुलिस के अनुसार, सप्ताहभर की कार्रवाई के दौरान 296 मिलीलीटर अवैध कफ सिरप और 58 मिलीलीटर नशीला इंजेक्शन भी बरामद किया गया।
अभियान के दौरान अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 12 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन और एक नाव जब्त करने की जानकारी दी है।
फरवरी से अब तक 2343 आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। इसके बाद से अब तक कोशी क्षेत्र में नशीले पदार्थों और अवैध कारोबार से जुड़ी सामग्री की बड़े पैमाने पर बरामदगी की गई है।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2026 से अब तक 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4,317.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 7,260.705 किलोग्राम गांजा और 8,284.552 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
इसी अवधि में 13,042 मिलीलीटर नशीला इंजेक्शन और 325 नशीली टैबलेट भी जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में अब तक 2343 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है।
अवैध कारोबार से जुड़ी अन्य सामग्री भी जब्त
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अवैध कारोबार से संबंधित विभिन्न वस्तुएं भी जब्त की गई हैं। इनमें 92 मोबाइल फोन, 35 चारपहिया वाहन, दो नाव, एक ट्रक, तीन पासबुक, एक एटीएम कार्ड, एक लोहे की भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू शामिल हैं।
पुलिस ने अवैध कारोबार से संबंधित 61 लाख 63 हजार 252 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद करने की भी जानकारी दी है।
आम लोगों से सूचना देने की अपील
डीआईजी कार्यालय की ओर से आम लोगों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लोग कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से अवैध नशे के कारोबार से संबंधित सूचना दे सकते हैं। सूचना में संबंधित व्यक्ति का नाम, पता और अवैध गतिविधि वाले स्थान की जानकारी दी जा सकती है। पुलिस ने कहा है कि संभव होने पर फोटो या वीडियो भी साझा किए जा सकते हैं।
पहचान गोपनीय रखने का दावा
डीआईजी कार्यालय के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर और पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई में विशेष उपलब्धि मिलने पर सूचना देने वाले व्यक्ति को डीआईजी, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत किए जाने की बात भी कही गई है।
पुलिस ने कहा है कि सहरसा, सुपौल और मधेपुरा समेत पूरे कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान आगे भी जारी रहेगा।