नई दिल्ली, 27 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में आगामी जनगणना को देश के प्रत्येक नागरिक की राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया। उन्होंने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सटीक आंकड़े देश के भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे पर सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को याद किया। उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक की कार्रवाइयों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
अशोक सिंघल को किया याद
मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ नेता अशोक सिंघल की जन्मशती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सिंघल ने अपना जीवन सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों के लिए समर्पित किया तथा राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ उनके प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मोढेरा सूर्य मंदिर का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजा भीमदेव प्रथम ने 1025 में इसका निर्माण कराया था। उन्होंने मोढेरा को प्राचीन विरासत और आधुनिक सौर ऊर्जा के मेल का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह देश का पहला ‘सोलर विलेज’ बना है।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति अभियान, खेल प्रतिभाओं की खोज, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’, पोषण अभियान और भगवान गणेश की वैश्विक लोकप्रियता सहित कई विषयों पर भी चर्चा की।