शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश को समस्याएं नहीं, बल्कि उनके समाधान की जरूरत है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “वे केवल समस्या हैं, समाधान नहीं। देश को समाधान चाहिए।” उन्होंने विपक्ष पर सत्ता हासिल करने के लिए अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तथाकथित ‘रेजिम चेंज गैंग’ अलग-अलग तरीकों से सत्ता में आने के सपने देख रहा है। उन्होंने दावा किया कि अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करने वालों के इरादे कभी पूरे नहीं होंगे।
‘युवा विकसित भारत के लिए आगे बढ़ रहे’
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने ‘यूथ फॉर राइजिंग’ अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की धरती से युवा विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ रहे हैं। युवाओं ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपना संकल्प बनाया है।
उन्होंने कहा कि युवा मां गंगा की स्वच्छता के लिए काम कर रहे हैं और वृक्षारोपण जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं की रचनात्मक सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों को देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है।
शिवराज सिंह चौहान के इस बयान के बाद राहुल गांधी और विपक्ष को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।