आरा/गड़हनी: बिहार के भोजपुर जिले में बुधवार की सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव की है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सीमा देवी, पति अमित राय के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके भैंसुर सुमंत राय पर लगा है। घटना के बाद से आरोपित के फरार होने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पेट में मारी गोली, मौके पर मौत
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सीमा देवी को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि गोली उनके पेट में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान दो राउंड गोली चलने की भी सूचना है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
महिला की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिउतिया पर्व पर दिल्ली से गांव लौटी थीं सीमा देवी
बताया जा रहा है कि सीमा देवी अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहती थीं। वह कभी गांव तो कभी दिल्ली में समय बिताती थीं। जीवित्पुत्रिका यानी जिउतिया पर्व के अवसर पर वह अपने बच्चों के साथ दिल्ली से गांव लौटी थीं। गांव लौटे उन्हें अभी महज दस दिन ही हुए थे कि बुधवार की सुबह उनकी हत्या कर दी गई।
मृतका की दो बेटियां हैं। उनकी बड़ी बेटी का नाम अर्चना कुमारी और छोटी बेटी का नाम प्रीति कुमारी बताया गया है। मां की मौत के बाद दोनों बेटियों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
भैंसुर पर हत्या का आरोप, कारण स्पष्ट नहीं
इस हत्याकांड में मृतका के भैंसुर सुमंत राय पर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से उनके फरार होने की सूचना है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी बुलाया गया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद अगिआंव गांव में मातम और दहशत का माहौल है।