नई दिल्ली। राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी ने कहा कि नारी को केवल नारी नहीं, बल्कि नारायणी बनकर परिवार और समाज में अपनी भूमिका निभानी होगी। महिलाओं की जिम्मेदारी है कि वे परिवार में संस्कारों का संचार करें, रिश्तों की मर्यादा बनाए रखें और नई पीढ़ी में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करें। टूटते परिवारों को बचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
वे बुधवार को नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह की ओर से आयोजित ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ के अंतर्गत संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला के तीसरे कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी के साथ मृत्युंजय कुमार झा की पुस्तक ‘स्वतंत्रता संग्राम और डॉ. हेडगेवार’ तथा अमित जैन की पुस्तक ‘बहुआयामी संघ’ का विमोचन किया।
शांता कुमारी ने कहा कि चाणक्य नीति जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करती है। डॉ. हेडगेवार ने भी इसी नीति से प्रेरणा लेकर स्वयंसेवकों को कठिन परिस्थितियों में अपने उद्देश्य से विचलित नहीं होने का संदेश दिया था।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शांता कुमारी को त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है। यदि समाज के प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित हो जाए तो सामाजिक परिवर्तन स्वतः संभव है। उन्होंने महिलाओं से परिवार और समाज के बीच संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ समाज को संगठित और संस्कारित करने के उद्देश्य से हुई थी। बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कृति और संस्कार देना भी जरूरी है। महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए और संघ के पंच परिवर्तन को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में अमित जैन की कॉफी टेबल बुक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ : शताब्दी यात्रा’ का विमोचन किया गया। वहीं, तीसरे सत्र में प्रसिद्ध नृत्यांगना शुभदा वराडकर और उनके सहयोगियों ने ‘केशव कल्प’ की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस सत्र में महेंद्र विक्रम सिंह की पुस्तक ‘शुभांक संघ काव्यांजलि’ का भी विमोचन हुआ।
आयोजन में पूर्व रक्षा सचिव डॉ. योगेंद्र नारायण, राधाकृष्ण माथुर, डॉ. टी.वी.एस.एन. प्रसाद, के. शिवा प्रसाद, अविनाश पाठक और डॉ. विनोद नारायण इंदुरकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।