पटना, 17 नवंबर। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा जाना पूरे बिहार के 14 करोड़ लोगों को सम्मान देने जैसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा लिए गए इस निर्णय से राज्य में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह नामकरण बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान और उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है।
मंगलवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आगामी 21 नवंबर को वैशाली के जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा ऐतिहासिक और यादगार होगी। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। वैशाली सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्माण से शिलान्यास से लेकर उद्घाटन तक गहरा जुड़ाव रहा है। वे निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए कई बार स्थल पर भी पहुंचे थे। ऐसे में पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जाना उनके विकास कार्यों के प्रति समर्पण का सम्मान है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास और सुशासन का जो रास्ता बिहार को दिखाया, उस पर चलते हुए राज्य में विकास की नई इबारत लिखी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि वे 21 नवंबर को प्रधानमंत्री की सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को भव्य और यादगार बनाएं।
प्रेसवार्ता में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी मौजूद रहीं।