जालंधर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पंजाब के जालंधर से ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने सचखंड बल्लां स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। लगभग 2,500 किलोमीटर लंबी यह यात्रा सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके समानता, सामाजिक सद्भाव, प्रेम और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान के बाद सामाजिक समरसता का संदेश लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। उन्होंने दावा किया कि इन अभियानों से राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार की राजनीतिक स्थिति प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक जयंती समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि गुरु रविदास जी के विचारों और सामाजिक समानता के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने सदियों पहले जाति-पाति, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रासंगिक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों का किया उल्लेख
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतों और गुरु परंपरा को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने वाराणसी में गुरु रविदास जी की जन्मस्थली पर 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा की स्थापना, आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखने और संत निरंजन दास जी महाराज को पद्मश्री सम्मान दिए जाने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के आदर्शों में ऐसे समाज की कल्पना की गई है, जहां सभी को समान अवसर और सम्मान मिले। केंद्र सरकार की पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही हैं।
पंजाब सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में नशे की समस्या, बेरोजगारी, उद्योगों की स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का नशे के खिलाफ अभियान अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रहा है।
उन्होंने दावा किया कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण युवा पलायन कर रहे हैं और उद्योगों के सामने भी कई समस्याएं हैं। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए पुलिस थानों पर हमलों की घटनाओं का भी जिक्र किया।
भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाया कि पंजाब सरकार राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल पार्टी के राजनीतिक हितों के लिए कर रही है। उन्होंने ‘पंजाब दा करोड़पति’ कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए और इसे युवाओं को गुमराह करने वाला बताया।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब का शोषण हुआ और आपातकाल के दौरान संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाया गया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ रही है, जबकि राहुल गांधी विदेशों में भारत की छवि को लेकर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी भारत की आर्थिक प्रगति को सकारात्मक रूप में देख रही हैं। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश की प्रतिष्ठा, विकास और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से भाजपा ने गुरु रविदास जी के विचारों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने और सामाजिक एकता का संदेश देने का संकल्प जताया।