मीडिया दर्शन/सिमरिया। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 118वीं जयंती के समापन अवसर पर दिनकर स्मृति विकास समिति के तत्वावधान में गुरुवार को सिमरिया में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस काव्य समारोह में देश, समाज, किसान, प्रेम और वर्तमान व्यवस्था से जुड़े विषयों पर कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि अशांत भोला ने की। प्रफुल्ल मिश्र ने दोस्ती पर आधारित रचना प्रस्तुत की, जबकि गीतकार रामा मौसम ने बचपन की यादों को समेटे गीत सुनाकर माहौल भावुक कर दिया। लोक गायक सच्चिदानंद पाठक ने अपनी कविताओं के माध्यम से सामाजिक व्यवस्था पर सवाल उठाए।
कवि शैलेंद्र शर्मा त्यागी ने किसानों की पीड़ा को स्वर दिया। प्रो. रामाज्ञा शशिधर की किसान जीवन पर आधारित कविता ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। इसके अलावा अनिल पतंग, रंजू ज्योति, अजय कुमार सिंह, चंद्रप्रभा देवी, श्रीकांत शर्मा, विश्व भूषण गुप्ता, कन्हाई पंडित, उमेश कुमार कवि, विद्यासागर ब्रह्मचारी, पुष्कर प्रसाद सिंह, ललन लालित्य, पूनम कुमारी समेत कई कवियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
मंच का संचालन युवा कवि ए.के. मनीष ने किया। स्वागत भाषण दिनकर पुस्तकालय के अध्यक्ष विशंभर सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के कोषाध्यक्ष रामनाथ सिंह ने किया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, बुद्धिजीवी और ग्रामीण मौजूद रहे।