लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत जारी इस सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख से अधिक हो गई है। पिछली मतदाता सूची की तुलना में करीब 18.84 लाख मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद अब मतदाताओं को अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच करने का अवसर मिलेगा।
यूपी में कितने हैं पुरुष और महिला मतदाता?
जारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11,83,352 युवा मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज किए गए हैं।
अनुमानित मतदाताओं की संख्या से 2.58 करोड़ कम
निर्वाचन आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की अनुमानित वयस्क आबादी के आधार पर संभावित मतदाताओं और ड्राफ्ट सूची में दर्ज नामों के बीच करीब 2.58 करोड़ का अंतर सामने आया है। इसमें महिला मतदाताओं का अंतर पुरुष मतदाताओं की तुलना में अधिक बताया गया है।
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब नाम जोड़ने, हटाने और विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है।
इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने, गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
धर्म और जाति के आधार पर नाम काटने के आरोपों पर क्या बोले मुख्य निर्वाचन अधिकारी?
मतदाता सूची से धर्म विशेष के लोगों के नाम हटाए जाने संबंधी दावों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के पास मतदाताओं के धर्म और जाति से संबंधित आंकड़े उपलब्ध नहीं होते हैं। मतदाता सूची में भी धर्म और जाति का विवरण दर्ज नहीं किया जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी धर्म या जाति विशेष को निशाना बनाकर मतदाताओं के नाम हटाने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें और किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर सुधार के लिए आवेदन करें।
UP Draft Voter List 2026: उत्तर प्रदेश के मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी।