पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पुणे में महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 'दादा' अजित पवार का इस तरह समय से पहले चले जाना महाराष्ट्र और विशेषकर पुणे के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शाह ने कहा कि अजित पवार का अचानक निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह मेरे अच्छे मित्र थे। उनके जाने से हमने एक ऐसे जननेता को खो दिया है, जिनके पास विकास की गहरी दृष्टि और पंचायती राज, सहकारिता, कृषि और आधुनिक नगर विकास के क्षेत्र में लंबा अनुभव एवं स्पष्ट विजन था। उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे किसी एक व्यक्ति द्वारा भरा जाना संभव नहीं है।
स्पष्टवादी थे दादा, हां तो हां और ना तो ना
गृह मंत्री ने कहा कि अजित पवार का व्यक्तित्व इतना जीवंत और सकारात्मक था कि आंखें बंद करते ही ऐसा लगता है जैसे दादा अभी हमारे सामने खड़े हों। उन्हें कभी बिना मुस्कुराहट के नहीं देखा। हमेशा हंसमुख चेहरा, सकारात्मक सोच और अपने विचारों को साकार करने की क्षमता, ऐसी विरल खूबियां ईश्वर ने बहुत कम लोगों को दी हैं।
उन्होंने कहा कि अजित पवार कठिन से कठिन विषय पर भी अपनी स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते थे। कोई काम हो सके तो 'हां', और न हो सके तो 'ना' कहते थे। सबसे कठिन और निर्णायक राजनीतिक वार्ताओं में भी 'दादा' हमेशा स्पष्ट नजर आते थे। राजनीति में इतना साहस बहुत कम लोगों में होता है।
सहकारिता के विश्वकोश थे अजित पवार
शाह ने कहा कि दुग्ध संघ हो, पैक्स हो, चीनी कारखाने हों, नागरिक सहकारी बैंक हो या जिला सहकारी बैंक, हर सहकारी समस्या के समाधान का इनसाइक्लोपीडिया थे अजित पवार। यह तभी संभव होता है जब सहकारिता के महत्व की गहरी समझ हो और किसानों, गांव तथा गरीब दूध उत्पादक महिलाओं के प्रति सच्चा लगाव हो। उन्होंने कहा कि सहकारी चीनी मिलों पर दोहरे आयकर का समाधान मोदी सरकार में हुआ तो अजित पवार ने कहा था कि सहकारी शुगर क्षेत्र के लिए इससे बड़ी मदद नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि बारामती से निकलकर अजित पवार महाराष्ट्र के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचे, पर उस पद पर भी जमीन से जुड़े रहे। उप-मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे लोकदरबार में जनता की तकलीफें सुनने बारामती आते थे।
शाह ने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि दूसरी लहर में अजित पवार सुबह 7 बजे से सचिवालय में मौजूद रहते थे और राहत-बचाव के हर प्रबंध में तत्परता दिखाते थे। उन्होंने कहा कि महायुति में आने का निर्णय लेते हुए अजित जी ने कहा था कि मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के विकास को महायुति से अलग नहीं देखा जा सकता। कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि थे। उनकी संवेदनशीलता, समन्वय और समयबद्धता की कार्यपद्धति महाराष्ट्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।