मीडिया दर्शन/सासाराम। सासाराम में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए आरा-सासाराम मुख्य मार्ग स्थित कुराईच मोहल्ले में महावीर मंदिर के समीप आईडीबीआई बैंक के एटीएम को काटकर 6 लाख 81 हजार रुपये चोरी कर लिए। वारदात रविवार की अहले सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बैंक पदाधिकारियों ने एटीएम में मौजूद नकदी और चोरी गई राशि का मिलान करने के बाद 6.81 लाख रुपये की चोरी को लेकर आवेदन दिया है। पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
चार अपराधियों की संलिप्तता की आशंका
प्रारंभिक जांच में इस वारदात में करीब चार अपराधियों के शामिल होने की आशंका सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले रोहतास थाना क्षेत्र के अकबरपुर बाजार में भी एटीएम काटकर चोरी की घटना सामने आई थी। उस मामले की जांच में अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह की संलिप्तता उजागर हुई थी और पुलिस ने गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।
पुलिस अब कुराईच एटीएम कांड को भी उसी तरह के गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले में अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई जारी है।