मीडिया दर्शन/शिवसागर (रोहतास): शिवसागर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे पर लूट की कथित योजना बना रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर वाहनों को रोकने की तैयारी में थे। इनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, 9 एमएम पिस्तौल जैसी दिखने वाली साउंड गन, फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, पुलिस लिखे बोर्ड-स्टीकर, पांच मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।
सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
सासाराम डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रभारी डीएसपी गौरव यादव ने बताया कि 26 सितंबर की रात पखनारी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप हाईवे किनारे एक सफेद कार में कुछ लोगों के पुलिस की वर्दी में मौजूद होने और लूट की योजना बनाने की सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद प्रभारी सदर डीएसपी गौरव यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस ने कार सवार पांचों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बरामद पहचान पत्रों की जांच के दौरान उनके फर्जी पुलिसकर्मी होने की बात सामने आई।
पांचों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव निवासी प्रवीण सिंह, कैमूर के सबार थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी दिवाकर कुमार सिंह उर्फ दियाकर मौर्या, कुदरा थाना क्षेत्र के बसलवल गांव निवासी बिरेन्द्र कुमार, रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र के बैरीबांध गांव निवासी इशरार आलम और चेनारी थाना क्षेत्र के चिताराटांड गांव निवासी रजनीश कुमार के रूप में हुई है।
हथियार और फर्जी पुलिस सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक साउंड गन, पांच एंड्रॉइड मोबाइल और सफेद रंग की कार बरामद की है। इसके अलावा दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली हैं।
बरामद अन्य सामानों में तिरंगा लोगो वाला आर्मी कलर का टी-शर्ट, काला मंकी मास्क, पुलिस लिखा बोर्ड, पुलिस और सादा स्टीकर, ‘रजनीश सिंह’ के नाम से बना बिहार पुलिस दरोगा का फर्जी आईडी कार्ड, पुलिस व आर्मी कलर की टोपियां, पुलिस कॉशन एलईडी लाइट और एडाप्टर शामिल हैं।
दो आरोपियों पर पहले से मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इशरार आलम और दिवाकर कुमार सिंह के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाना में कांड संख्या 382/26 के तहत मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में शिवसागर थाना कांड संख्या 322/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम को सम्मानित करने की अनुशंसा
प्रभारी डीएसपी गौरव यादव ने बताया कि कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की अनुशंसा की जाएगी। हाईवे पर पुलिस और प्रेस लिखे वाहनों के इस्तेमाल से कथित आपराधिक गतिविधियों का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।