मीडिया दर्शन/सासाराम। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड के करूप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में नवनिर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल देखे। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद शहरों में सोन नदी का पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सोन नदी के पानी के बंटवारे से संबंधित समझौते के बाद बिहार को सोन नदी के पानी का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने रोहतास में नई टाउनशिप विकसित करने की घोषणा करते हुए इसका नाम ‘रोहतास’ रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि रोहतास और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मां ताराचंडी धाम, गुप्ताधाम, मां तुतला भवानी, यक्षिणी भवानी और चौरासन धाम समेत अन्य पर्यटन स्थलों के विकास पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। वर्तमान में इन स्थलों पर करीब 50 हजार पर्यटक पहुंचते हैं, जिसे अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर पांच लाख करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बनारस-रांची मार्ग के निर्माण के लिए पहाड़ के अंदर से कटिंग कर सड़क विकसित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है।
30 दिनों में आवेदनों के निपटारे का निर्देश
मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ एवं सहयोग शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान 6 से 8 अक्टूबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित 30 दिनों की समय-सीमा में निर्णय लिया जाए। समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान वर्ष 2005 में शुरू हुआ था। आज बिहार में बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति दीदी और पशु सखी के रूप में आर्थिक गतिविधियों से जुड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य रोजगार और उद्योग के अवसर बढ़ाकर राज्य से पलायन को रोकना है। शिक्षा, बिजली, सड़क, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ युवाओं को बिहार में ही बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद उपेंद्र कुशवाहा, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, स्नेहलता, आलोक सिंह, बशिष्ठ सिंह, नागेंद्र चंद्रवंशी, राजीव रंजन सिंह, विशाल प्रशांत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के अधिकारी, डीजीपी प्रीता वर्मा, शाहाबाद डीआईजी सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।