मीडिया दर्शन/बेगूसराय/तेघड़ा :जिले में गंगा बाढ़ से घिरे रामदीरी महाजी टोला, सहित तेघड़ा प्रखंड का आधारपुर के अजगर बर बिनलपुर और रातगांव के भगवानपुर चक्की में मंगलवार को उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई जब बॉलीवुड के मसीहा कहे जाने वाले अभिनेता सोनू सूद खुद राहत लेकर पहुंच गए। पंजाब से अपने साथ सैकड़ों बैग चावल लाए सोनू सूद ने वार्ड संख्या 7, 13 और 14 के सैकड़ों परिवारों के बीच 10-10 किलो चावल का वितरण किया।
गांव पहुंचते ही लोग अपनी परेशानी लेकर उनके पास दौड़ पड़े। सोनू सूद ने हर किसी से रुककर हालचाल पूछा - घर में पानी कब घुसा, अब पानी घटने के बाद क्या दिक्कत है, खाना-पीना कैसे चल रहा है। पीड़ितों ने कहा कि पानी तो उतर रहा है लेकिन घर-आंगन अभी भी बर्बाद है, ऐसे में सोनू सूद का खुद आना हिम्मत देने वाला है।राहत बांटते हुए सोनू सूद ने कहा कि जलस्तर घटा है लेकिन परेशानी अभी बाकी है, आपदा में साथ खड़ा होना ही मानवता है। इस दौरान आशुतोष कुमार, भाजपा नेता विवेक गौतम, रजनीश कुमार, शंभू सिंह, साहिल शांडिल्य, मुखिया अभिभावक चंद्रभूषण सिंह उर्फ बौधु और वार्ड सदस्य उदय महतो ने वितरण में सहयोग किया।