पटना। बिहार के जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह का वेतन दान किया। उन्होंने गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को अपने वेतन की राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी तथा विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन कुमार सराफ भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा, “मैं हमेशा से मानता रहा हूँ कि आपदा से प्रभावित लोगों का राज्य के खजाने पर सबसे पहला अधिकार है। बाढ़ की इस कठिन घड़ी में बिहार सरकार प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। ऐसे समय में यह हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम सरकार के इन प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
नीतीश कुमार ने कहा कि ऐसे संकट के समय सभी जनप्रतिनिधियों और सक्षम लोगों को आगे आकर यथासंभव सहयोग करना चाहिए, ताकि बाढ़ प्रभावितों की सहायता और पुनर्वास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और मजबूती मिल सके।