जमुई। नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले में गिरफ्तार आरोपी हरेराम यादव को शुक्रवार को जमुई कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया। इसी दौरान कोर्ट परिसर के बाहर एक अधिवक्ता ने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अधिवक्ता आकाश पांडे आरोपी के पास पहुंचते हैं और उसे थप्पड़ मारते हैं। घटना के बाद अधिवक्ता ने आरोपी के कृत्य पर आक्रोश जताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
अधिवक्ता आकाश पांडे ने कहा कि घटना को लेकर उनके मन में काफी आक्रोश था। उन्होंने कहा कि आरोपी ने जो किया है, उसके लिए वह बेहद आक्रोशित हैं और कानून के तहत उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह अधिवक्ता से पहले एक इंसान हैं और किसी बेटी के साथ इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में एक नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों नंदन यादव और हरेराम यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि हरेराम यादव को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी ट्रैक्टर चालक हैं और बालू ढुलाई के साथ शराब तस्करी में भी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान हुई थप्पड़ मारने की घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगी।