जम्मू। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स (हिस्कागा) के आगामी तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए त्रैवार्षिक चुनाव जम्मू में संपन्न हुआ। देश के 17 राज्यों से पहुंचे राष्ट्रीय परिषद के प्रतिनिधियों ने मतदान में हिस्सा लिया। चुनाव में गिरीश जुयाल को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
चुनाव में अरोड़ा, वनिता शर्मा, डॉ. एम. रजनी, अवधेश शर्मा, दीपक कलिता और डॉ. ओम प्रकाश श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं डॉ. करुणाकर प्रधान ने राष्ट्रीय सभापति के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए सदस्यों का विश्वास हासिल किया। मधुसूदन गुप्ता भी राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त के पद पर पुनर्निर्वाचित हुए।
जम्मू स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित चुनाव की प्रक्रिया भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया और पर्यवेक्षण के तहत संपन्न हुई। जम्मू-कश्मीर के राज्य निदेशक एवं बिहार शिक्षा विभाग के अधिकारी सुनील श्रीवास्तव चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता अतुल गौतम और रागिनी शर्मा ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाई। राष्ट्रीय प्रशिक्षण आयुक्त यतेंद्र कुमार सक्सेना ने चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गिरीश जुयाल ने संस्था के आगामी कार्यकाल में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों के विस्तार और संगठन को देश के विभिन्न हिस्सों तक मजबूत बनाने की दिशा में काम करने की बात कही। वहीं राष्ट्रीय सभापति डॉ. करुणाकर प्रधान ने कहा कि अगले तीन वर्षों में संस्था के विकास के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
चुनाव के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से औपचारिक मुलाकात भी की।
राष्ट्रीय परिषद एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक में अध्यक्ष गिरीश जुयाल की उपस्थिति में डॉ. वेद प्रकाश सिंह को महासचिव, डॉ. अतुल कुमार को वरिष्ठ संयुक्त सचिव तथा ममता चौहान को संयुक्त सचिव (गाइड्स) के रूप में अगले तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, रेलवे, हरियाणा, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्य इकाइयों के पदाधिकारियों ने नए नेतृत्व के निर्वाचन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ चुनावी सभा का समापन हुआ।