नोएडा, 25 सितंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीतियों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण निवेश का माहौल मजबूत हुआ है।
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में डिफेंस कॉरिडोर समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है।
अमित शाह ने कहा कि झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर को जोड़ने वाले डिफेंस कॉरिडोर में रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए निवेश आ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस मिसाइल पाकिस्तान की नींद उड़ा रही है। वहीं अमेठी में निर्मित AK-203 असॉल्ट राइफल आतंकवादियों और नक्सलियों के खिलाफ देश की रक्षा क्षमता को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन अब करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है और भारतीय रक्षा उत्पाद करीब 80 देशों को निर्यात किए जा रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, मेट्रो और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास ने निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया है। उन्होंने भदोही की कालीन, फिरोजाबाद के कांच, कन्नौज के इत्र और वाराणसी की सिल्क साड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उत्पादों की देश-दुनिया में अलग पहचान है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्यात में 2015 की तुलना में कई गुना वृद्धि हुई है और देश में सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और राज्य तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है।