पटना, 15 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पटना स्थित अपने आवास पर लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य अर्पित कर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही सभी छठ व्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
अस्त होते और उगते सूर्य की उपासना हमारी परंपरा : नितिन नवीन
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व हमारी परंपरा और संस्कृति का अद्भुत प्रतीक है। हम अस्त होते सूर्य के साथ-साथ उदय होते सूर्य को भी समान श्रद्धा और आस्था के साथ नमन करते हैं। यह हमारी लोक आस्था और जीवन मूल्यों को दर्शाता है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया है, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा।
बिहार से लेकर विदेशों तक छठ की धूम
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की संस्कृति और लोक आस्था का यह महापर्व आज पूरे उत्साह और उल्लास के साथ बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में मनाया जा रहा है। दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले बिहारवासी भी पूरी श्रद्धा और परंपरागत तरीके से छठ महापर्व मना रहे हैं।
स्वच्छता और प्रकृति की उपासना का अनुपम पर्व
नितिन नवीन ने कहा कि स्वच्छता, शुद्धता, पवित्रता और अनुशासन के साथ मनाया जाने वाला छठ महापर्व प्रकृति की उपासना का अनुपम उदाहरण है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उसके विभिन्न स्वरूपों का सम्मान करने की सीख देता है। भगवान सूर्य के साथ गंगा मैया और प्रकृति की आराधना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है।
सामाजिक एकता और सामूहिकता का प्रतीक है छठ
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है तथा हमारी लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाता है।
अंत में उन्होंने कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए