पटना, 15 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को राजधानी पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संध्या अर्घ्य के अवसर पर हजारों की संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं ने गंगा में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठ घाटों पर सुबह से ही तैयारियां जारी थीं, जबकि शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जहाज से नासरीगंज से कंगन घाट तक पहुंचे मुख्यमंत्री
संध्या अर्घ्य के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नासरीगंज घाट से कंगन घाट तक जहाज के माध्यम से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और छठ व्रतियों से आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
इस दौरान उनके साथ मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक और सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पटना के विभिन्न गंगा घाटों के साथ दीघा घाट स्थित मरीन ड्राइव का भी जायजा लिया।
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
घाटों पर प्रशासन की ओर से रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोरों और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। वहीं, एनडीआरएफ की टीम नदी में सुरक्षा व्यवस्था संभालती नजर आई। प्रशासनिक जहाजों के माध्यम से भी घाटों की निगरानी की जा रही थी।
गंगा में जहाज से दिया गया नशामुक्त बिहार का संदेश
छठ महापर्व के दौरान गंगा नदी में एक जहाज पर ‘नशामुक्त बिहार’ और ‘नशा नहीं, सोच नई’ का संदेश भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आस्था के महापर्व के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देना सराहनीय कदम है।
छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार की उन्नति की कामना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मां छठ के आशीर्वाद से बिहार निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में छठी मैया का आशीर्वाद हम सभी के साथ है। उन्होंने सभी छठ व्रतियों के सुख-समृद्धि और बिहार की खुशहाली की कामना की।
जन्मदिन पर पैतृक गांव में देंगे उगते सूर्य को अर्घ्य
बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 16 नवंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर मुंगेर जिले के अपने पैतृक गांव लखनपुर में छठ पूजा के दौरान उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसको लेकर उनके पैतृक गांव में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।