दुबई। आईसीसी की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार छलांग लगाते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ चौथी रैंक हासिल कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 170 रन बनाने वाले ब्रूक को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
गेंदबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान के अबरार अहमद ने पहली बार नंबर-1 स्थान हासिल किया है। उनके शीर्ष पर पहुंचने के साथ अफगानिस्तान के राशिद खान दूसरे स्थान पर आ गए हैं। राशिद पिछले छह महीनों से नंबर-1 गेंदबाज थे।
इंग्लैंड के जोस बटलर भी शानदार प्रदर्शन के दम पर ब्रूक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं भारत के श्रेयस अय्यर सात स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों में इंग्लैंड के जेमी ओवरटन को सबसे बड़ा फायदा हुआ है। श्रीलंका के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद वह 47 स्थान ऊपर चढ़कर करियर की सर्वश्रेष्ठ छठी रैंक पर पहुंच गए हैं। भारत के अक्षर पटेल भी 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
एकदिवसीय रैंकिंग में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा, ऑस्ट्रेलिया के जोश इंग्लिस और तेज गेंदबाज नाथन एलिस समेत कई खिलाड़ियों को रैंकिंग में फायदा मिला है।