मीडिया दर्शन/रांची: लगातार हो रही बारिश के कारण जल पथ प्रमंडल, रांची के अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी पर स्थित गेतलसूद डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे डैम का जलस्तर 1932.8 आरएल फीट दर्ज किया गया। डैम की अधिकतम जल धारण क्षमता 1936 आरएल फीट है। विभागीय जानकारी के अनुसार जलस्तर 1933.5 आरएल फीट तक पहुंचने पर डैम के रेडियल गेट किसी भी समय खोले जा सकते हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात डैम के गेट खोलने की तैयारी की जा रही थी। गेट खोलने से पहले आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक सतर्कता बरतने और लोगों को इसकी सूचना देने की व्यवस्था की जा रही है।
हुंडरू फॉल और चांडिल डैम पर भी पड़ेगा असर
गेतलसूद डैम के गेट खोले जाने के बाद स्वर्णरेखा नदी में पानी का प्रवाह बढ़ सकता है। इसका असर हुंडरू फॉल, मुरी क्षेत्र और चांडिल डैम के जलस्तर पर भी पड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों से जलाशय और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा संभावित खतरे से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा है।
सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना का उत्पादन बंद
इधर, शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे तकनीकी कारणों से सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना का विद्युत उत्पादन बंद कर दिया गया। इसके चलते गेतलसूद डैम से परियोजना के लिए नहर के माध्यम से पानी की आपूर्ति भी रोक दी गई है।
बताया जा रहा है कि एक ओर लगातार बारिश के कारण डैम में पानी की आवक बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना के लिए पानी की आपूर्ति बंद होने से डैम का जलस्तर और तेजी से बढ़ रहा है। पानी की आवक लगातार अधिक रहने की स्थिति में डैम के रेडियल गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है।
प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।