मामला खुशी का हो या गम का। बिहार में दे-दनादन गोलियां चलना मानो आम बात हो गई है। ऐसा ही मामला पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ का बहुचर्चित चुनाव सम्पन्न होने के बाद भी सामने आया है जहां चुनाव के बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया है। फायरिंग भी एक-दो राउंड नहीं, बल्कि कई राउंड। हालांकि राहत की बात यह है कि फायरिंग की इस वारदात में किसी के घायल य हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। लेकिन, छात्रसंघ चुनाव सम्पन्न होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में कई राउंड फायरिंग होने की खबर निश्चित ही सनसनीखेज है जिससे विश्वविद्यालय के छात्रों व स्थानीय लोगों में डर व दहशत का माहौल बनना स्वाभाविक ही है। फिलहाल इस पूरे मामले की पुलिस द्वारा सघन छानबीन की जा रही है और इस कृत्य को अंजाम देनेवालों का पता लगाने की भरसक कोशिश की जा रही है।
एक निजी समाचार एजेंसी द्वारा सार्वजनिक की गई रिपोर्ट के मुताबिक छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद शनिवार को पटना विश्वविद्यालय में कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बताया जाता है कि पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव खत्म होने के बाद छात्रों के एक गुट ने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग दोपहर करीब 2 बजे पटना यूनिवर्सिटी के गेट के पास हुई। पटना टाउन के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अशोक कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि फायरिंग की वारदात को छात्रों ने अंजाम दिया है। अलबत्ता डीएसपी अशोक कुमार ने यह अवश्य माना है कि विश्वविद्यालय परिसर में दोपहर के वक्त कई राउंड फायरिंग हुई है। उनके मुताबिक पटना कॉलेज गेट के पास अशोक राजपथ के पास दोपहर करीब 2 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने हवा में फायरिंग की। फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने भी इलाके में कानून व्यवस्था की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय के आसपास डेरा डाल दिया है और पूरे मामले की तफ्तीश करके दोषियों की पहचान करने और उन्हें शिकंजे में लेने की सघन कोशिशें की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि जद (यू) समर्थित उम्मीदवारों ने पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ (पीयूएसयू) के चुनावों में केंद्रीय पैनल की पांच सीटों में से चार पर जीत हासिल की है जबकि एबीवीपी ने एक सीट पर जीत हासिल की। वर्ष 2018 के बाद जद (यू) का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन है जब उसने पहली बार अध्यक्ष पद जीता था। इस बार जदयू के आनंद मोहन को पीयूएसयू का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई के शास्वत शेखर को 1,193 वोटों के अंतर से हराकर 3,710 वोट से जीत हासिल की। इसके अलावा जद (यू) के ही विक्रमादित्य सिंह ने उपाध्यक्ष, संध्या कुमारी ने संयुक्त सचिव और रविकांत ने कोषाध्यक्ष के पद के लिए हुए चुनाव में जीत हासिल की है। दूसरी ओर एबीवीपी के वैभव महासचिव चुने गए हैं।
पाठकों की प्रतिक्रियाएं (0)
अपनी राय साझा करें
इस खबर पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली प्रतिक्रिया आप दें!