बेगूसराय। जिला स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में आगामी 2 अक्टूबर को जिला स्थापना दिवस को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
सुबह से शाम तक होंगे कई कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी और साइकिल रैली से होगी। इसके बाद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। युवाओं के लिए मैत्री क्रिकेट मैच भी आयोजित किया जाएगा।
वहीं, शाम को कंकौल स्थित प्रेक्षा गृह सह आर्ट गैलरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें जिले के स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वालों का होगा सम्मान
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही चित्रकला, मूर्तिकला और शिल्पकला प्रदर्शनी के अलावा खुले मंच का भी आयोजन किया जाएगा।
इच्छुक कलाकारों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 28 सितंबर तक जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा।
डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि जिला स्थापना दिवस महज एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह जिले की उपलब्धियों, विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता महेश्वर प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी बेबी कुमारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।