मीडिया दर्शन/लौरिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत शनिवार को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने लौरिया में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण किया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बीच फल और मिठाई वितरित की तथा मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे क्षेत्रीय विधायक विनय बिहारी और भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव के साथ राजकीय मध्य विद्यालय कन्या, लौरिया पहुंचे। यहां ‘2047 का हमारा भारत’ विषय पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खुशी कुमारी, लक्की कुमारी, आरती कुमारी, मुस्कान परवीन, स्तुति कुमारी और नैन्वी कुमारी को मंत्री और विधायक ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।
मरीजों से ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी
इसके बाद मंत्री लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने धातृ पुनिता देवी, रबीना खातून समेत अन्य मरीजों और उनके परिजनों के बीच फल एवं मिठाई वितरित की। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।
प्रखंड कार्यालय परिसर में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के अगले चरण में मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने लौरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में आम के दो पौधे लगाए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।
इसके बाद ब्लॉक चौक स्थित मनीष शर्मा के आवास पर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्यों डॉ. शिवजी प्रसाद, शंभु मिश्र, प्रभु प्रसाद, कमरुल होदा और राजू प्रसाद को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सेवा और जनकल्याण पर दिया जोर
मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़े के तहत जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवा और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश प्रसाद, शालिनी विजय, आरती दुबे, सीएचसी के डॉ. दिलीप कुमार, राहुल सिंह, सीओ आशु रंजन, बीडीओ संजीव कुमार समेत भाजपा नेता प्रदीप मिश्र, बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक दत्त तिवारी उर्फ दीपू तिवारी, भास्कर मिश्रा, पवन वर्मा, कौशल किशोर पांडेय, राजन मिश्रा, गुड्डू चौबे सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।