मीडिया दर्शन/जगदीशपुर, भागलपुर: भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर घाट के पास शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हथियार के साथ पकड़ा गया एक आरोपी पुलिसकर्मी को अपने साथ लेकर चांदन नदी के तेज बहाव में कूद गया। सिपाही किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि आरोपी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, मोहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव के हथियार लेकर चांदन नदी के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जगदीशपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी के छारन के समीप से उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी मास्कट और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान उसने अचानक उसे पकड़ रहे सिपाही को अपने साथ खींच लिया। दोनों नदी के तेज बहाव में जा गिरे। सिपाही ने किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपी बहाव में चला गया और इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।
नदी में तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी तेज धारा के बीच नदी पार कर दूसरी ओर निकल गया होगा और वहां से फरार हो गया। वहीं, स्थानीय स्तर पर उसके नदी में बह जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही घटना के पूरे क्रम की भी जांच की जा रही है।