Bihar News, Katihar: बिहार के कटिहार से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाहरणालय परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। यहां एक आवास सहायक की दो पत्नियां अचानक आमने-सामने आ गईं। दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस होने लगी और मामला विवाद तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख पति दोनों के बीच खड़े होकर मामले को शांत कराने की कोशिश करता रहा।
जानकारी के मुताबिक, बारसोई से अपने बेटे के साथ कटिहार समाहरणालय पहुंची दूसरी पत्नी ने अपने पति पर पहली शादी की जानकारी छिपाकर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे शादी के समय बताया गया था कि उसका पति अविवाहित है। बाद में उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है।
14 साल पहले हुई थी शादी
दूसरी पत्नी के अनुसार, करीब 14 वर्ष पहले फलका थाना क्षेत्र के पोठिया निवासी रंजीत कुमार पासवान के साथ उसकी शादी हुई थी। महिला ने बताया कि करीब चार साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। इस रिश्ते से उनका एक बेटा है।
महिला का आरोप है कि शादी के वक्त रंजीत ने अपनी पहली शादी की बात उससे छिपाई थी। बाद में जब उसे पति के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली, तो वह हैरान रह गई। उसका दावा है कि रंजीत अपनी पहली पत्नी के साथ रहता है और उसे आर्थिक मदद भी नहीं देता।
अपना हक मांगने पहुंची थी महिला
दूसरी पत्नी का कहना है कि वह अपने अधिकार और पति से जुड़े मामले को लेकर कटिहार समाहरणालय पहुंची थी। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी से मुलाकात हो गई। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
ये भी पढ़े : रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन: अनशन पर बैठे एक और छात्र की तबीयत बिगड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों महिलाएं हाथों में डंडा लिए एक-दूसरे से भिड़ने को तैयार थीं। इस दौरान आवास सहायक दोनों को रोकने और समझाने की कोशिश करता रहा।
मामले के बाद समाहरणालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल विवाद को पंचायत के माध्यम से सुलझाने की बात सामने आ रही है। दूसरी पत्नी ने पति पर शादी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने का आरोप लगाते हुए अपना अधिकार दिलाने की मांग की है।
पाठकों की प्रतिक्रियाएं (0)
अपनी राय साझा करें
इस खबर पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली प्रतिक्रिया आप दें!