मीडिया दर्शन/सासाराम : बड्डी थाना क्षेत्र के झरना लंगड़ी पैन कुआं से शुक्रवार शाम एक किशोरी का शव सिलाई किए गए बोरे में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है। शव की कमर में भारी पत्थर बंधा मिला। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शव को पानी में डुबोकर छिपाने का प्रयास किया गया था या नहीं।
पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों की सूचना के बाद पिछले दो दिनों से मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने कुएं की तलाशी ली, जहां से किशोरी का शव बरामद किया गया।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतका के संपर्क में रहे लोगों, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
कई संदिग्ध हिरासत में, दो लोगों की गिरफ्तारी
पुलिस को मामले में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका है। जांच के क्रम में करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। हिरासत में लिए गए लोगों में कुछ महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
वहीं, घटना से जुड़े कुछ लोगों के फरार होने की सूचना है। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हैं।
रोहतास पुलिस ने मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और अन्य संदिग्धों की इसमें क्या भूमिका है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।