नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। पूर्व मध्य रेल (हाजीपुर) के महाप्रबंधक (जीएम) डिम्पी गर्ग ने गुरुवार को नरकटियागंज रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। जीएम के अचानक स्टेशन पहुंचने से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। उन्होंने स्टेशन पर चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जीएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी), प्लेटफॉर्म सुदृढ़ीकरण और यात्री सुविधाओं से जुड़े अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की। संबंधित संवेदकों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
साफ-सफाई में कमी पर अधिकारियों को फटकार
स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव में खामियां मिलने पर जीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इंटरसिटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच की मांग
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक रश्मि वर्मा ने जीएम डिम्पी गर्ग से मुलाकात कर नरकटियागंज से चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त कोच जोड़ने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने जीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
वहीं, ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेन्स कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भी जीएम से मुलाकात कर रेलकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग रखी और ज्ञापन सौंपा।
मौके पर समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जीएम के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद नरकटियागंज स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।