मसौढ़ी : बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़, बदसलूकी और मारपीट की घटना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।प्रखंड अध्यक्ष रजनीश यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेन रोड से होते हुए कपुरी चौक तक विरोध मार्च निकाला और घटना की कड़ी निंदा की।
इस दौरान नेताओं ने कहा कि यह जघन्य घटना पूरे समाज को झकझोर कर रख देने वाली है। यह घटना केवल एक परिवार या दो बच्चों की चिंता नहीं है, बल्कि बिहार में महिलाओं, बेटियों और युवाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करती है।
सरकार को केवल बयान जारी करने के बजाय यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अपराधियों में कानून का भय हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिले।मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोहम्मद अरफराज साहिल ने इस घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से पटना जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष इंद्रमणि देवी, शिवपूजन सिंह, पटना जिला कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष मृत्युंजय पांडेय, मृत्युंजय पेरियार, अनामी शरण सिंह, धुरी यादव, सोहन चंद्रवंशी, टीपू सुल्तान, रविंद्र धारी बिन्द, अमित सिंह, सिद्धनाथ सिंह, कंचन यादव सहित राजू साव मौजूद थे।