मीडिया दर्शन/आरा (भोजपुर): अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, भोजपुर के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमृत राज ने की। बैठक में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित समेत जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस अंचल निरीक्षक शामिल हुए।
बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एडीजी ने आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
अपर पुलिस महानिदेशक ने जिले में लंबित कांडों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा जांच प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश
एडीजी ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस अंचल निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन करते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया गया।