मीडिया दर्शन/बेगूसराय: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय आईटीआई परिसर, बेगूसराय में जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, महाप्रबंधक ज्ञानेश्वरी किरण, कारखाना निरीक्षक प्रवीण कुमार प्रभात और जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
778 अभ्यर्थियों ने जमा किया बायोडाटा, 387 का चयन
नियोजन मेले में 19 कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार की तलाश में पहुंचे 778 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया। इनमें से 387 युवाओं का प्रथम चरण में चयन किया गया। वहीं, आत्मा, डीआरसीसी, आरसेटी और उद्योग विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 197 युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने युवाओं से कुशल युवा कार्यक्रम (KYP), उद्योग विभाग और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं से जुड़कर अपने हुनर को विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का पंजीकरण, स्क्रीनिंग और चयन प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे नियोजन मेले युवाओं को रोजगारदाताओं से सीधे जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।