मीडिया दर्शन/बेगूसराय: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के बेहतर क्रियान्वयन के लिए बेगूसराय जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित आयुष्मान मंथन 2026 कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बेगूसराय को 5 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में बेस्ट परफॉर्मिंग मॉडल डिस्ट्रिक्ट के सम्मान से नवाजा।
जिले की ओर से यह पुरस्कार विशेष सचिव सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने ग्रहण किया।
20.23 लाख से अधिक आभा आईडी का निर्माण
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत बेगूसराय जिले में अब तक 20.23 लाख से अधिक आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। इसके अलावा सरकारी और निजी अस्पतालों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की दिशा में भी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
अधिकारियों के अनुसार, आभा आईडी के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने में मदद मिल रही है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने इस उपलब्धि को जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के समन्वित प्रयास से जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है।
वहीं, जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने आगे भी इसी प्रतिबद्धता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।