मीडिया दर्शन/हसपुरा, औरंगाबाद। संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को हसपुरा प्रखंड के अहियापुर गांव स्थित हनुमान मंदिर के शेड में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल टोलों के लोगों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना और प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर निष्पादन करना था।
शिविर में कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक आवेदन राशन कार्ड से संबंधित थे। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। शिविर की अध्यक्षता अहियापुर पंचायत के मुखिया अजीत कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा ने की।
ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और सुविधा देने का उद्देश्य
मुखिया अजीत कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से प्रखंड और अन्य सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में अलग-अलग विभागों से संबंधित योजनाओं और सेवाओं के लिए विभिन्न काउंटर बनाए गए थे। हालांकि, ग्रामीणों ने कुछ काउंटरों पर संबंधित कर्मियों के मौजूद नहीं रहने की शिकायत की। इससे कुछ लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीईओ ने शिकायत की जानकारी वरीय अधिकारियों को देने की बात कही
शिविर के पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) रंजीत कुमार के समक्ष ग्रामीणों ने काउंटरों पर कर्मियों की अनुपस्थिति की शिकायत रखी। बीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को देने की बात कही।
इसी दौरान एक लाभुक को मौके पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। इससे शिविर में तत्काल सेवा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति मिली और लाभुक को मौके पर ही सुविधा प्राप्त हुई।
कई कर्मी और ग्रामीण रहे मौजूद
शिविर में कार्यपालक सहायक उपेंद्र गुप्ता, पंचायत सचिव अमित कुमार, विकास मित्र कुसुम कुमारी, किसान सलाहकार धर्मेंद्र कुमार, टोला सेवक महेंद्र राजवंशी, भगवान सिंह, सोनू कुमार, सत्येंद्र राम सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे।