मसौढ़ी: दुर्गापूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मसौढ़ी पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से शनिवार की शाम शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीओ धनराज, डीएसपी राघव दयाल और डिप्टी एसपी ने किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों का दल शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान दुर्गापूजा को लेकर बनाए गए पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वहीं, शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
फ्लैग मार्च में सीओ ऋषिकेश कुमार, बीडीओ प्रभात कुमार, ईओ, थानाध्यक्ष विवेक भारती और अपर थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने पर्व के दौरान लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।