पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन पर देश के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ ताकतें देश की इस प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं।
नितिन नवीन पटना में कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू किए गए ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल – आपका विधायक आपके साथ’ ऐप के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राहुल गांधी पर विदेशी टूलकिट का मोहरा होने का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे भारत की विकास यात्रा को बाधित करने वाले विमर्श को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और भारत की प्रगति से असहज ताकतें विपक्ष के माध्यम से सरकार को घेरने का प्रयास कर रही हैं।
नवीन ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और भारत की स्थिरता तथा विकास को चुनौती ko देने वाले किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना
चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी भाजपा अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी दलों को यदि मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर आपत्ति थी, तो उन्हें संबंधित स्तरों पर प्रमाण के साथ शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। नवीन ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप लगाने से पहले विपक्ष को अपने दावों के समर्थन में ठोस तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए।
बिहार के पुराने दौर का किया जिक्र
नितिन नवीन ने विपक्ष की ओर से मतपत्रों के जरिए चुनाव कराने की मांग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बिहार में पूर्व के बूथ लूट और चुनावी हिंसा के दौर का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग राज्य को फिर से पुराने दौर में ले जाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपना जनादेश दिया है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। चुनावी नतीजों पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को जनमत का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ता हर मंच पर देंगे जवाब
भाजपा अध्यक्ष ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लोगों ने पार्टी को लगातार समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता भारत की एकता, स्थिरता और विकास के खिलाफ किए जाने वाले प्रयासों का जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक विपक्ष के आरोपों और उसके राजनीतिक विमर्श का जवाब देगा। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कुम्हरार की समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल – आपका विधायक आपके साथ’ ऐप का लोकार्पण रहा। इस पहल का उद्देश्य कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।
इस पोर्टल के माध्यम से जनसमस्याओं के निवारण को लेकर की गई पहल को क्षेत्र में जनसंपर्क और नागरिकों की शिकायतों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रभावी निपटारे और जनता के साथ बेहतर संवाद पर जोर दिया गया।