पटना डेस्क: भारत में अगले साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसकी तैयारियों में तमाम पार्टियां जुड़ चुकी है। बीजेपी से लेकर सभी राज्य की पार्टियां इसे लेकर कई तरह की तैयारियां कर रहे हैं। बिहार में भी लोकसभा चुनाव को लेकर कई तरह की बातें हो रही थी कि सीएम नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं।
हालांकि, नीतीश कुमार बार बार कह चुके हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। लेकिन अब फिर से एक बार बीजेपी फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने जेडीयू और नीतीश कुमार पर हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा, “जो नीतीश कुमार कभी अपनी राजनैतिक विश्वसनीयता नहीं बना पाए वो आज देश में विपक्षी एकता की कवायद कर रहे हैं।”
वहीं, उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार के मन में प्रधानमंत्री बनने के लिए लड्डू फूट रहे हैं, लेकिन वह बिहार का विकास करने में नाकाम साबित हुए हैं।” गिरिराज सिंह का आरोप है कि सीएम नीतीश कुमार की अपनी कोई विचारधारा नहीं है। वह लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के कहे अनुसार काम कर रहे हैं। इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव को चैलेंज दिया कि वह बिहार की कानून व्यवस्था कुछ महीनों में ठीक करा दें।



