हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक के डूबने के बाद शव की तलाश में हो रही कार्रवाई को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही और कार्रवाई में सुस्ती का आरोप लगाते हुए पुरानी जीटी रोड को जाम कर दिया।
सड़क जाम के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों की मांग थी कि जब तक कुंड से युवक का शव बाहर नहीं निकाला जाता और वरीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
अधिकारियों के समझाने पर हटाया गया जाम
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। स्थिति को देखते हुए कई वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसी तरह लोगों को समझाकर जीटी रोड से जाम हटवाया गया।
गोताखोरों और आधुनिक मशीनों से तलाश जारी
इधर, दुर्गा कुंड में युवक की तलाश के लिए प्रशासन की ओर से गोताखोरों और आधुनिक मशीनों की मदद ली जा रही है। काफी प्रयास के बावजूद खबर लिखे जाने तक युवक के शव का पता नहीं चल सका था। प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है। वहीं, विकास कुमार के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन कुंड के किनारे बैठकर बेटे के शव के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौजूद हैं। अधिकारियों की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।